20 दिसंबर 2019 - 17:13
भारतीय मुसलमानों को बदनाम करने का बीजेपी कार्यकर्ताओं की साज़िश को हुआ पर्दाफ़ाश, भाजपा कार्यकर्ता समेत पांच गिरफ़्तार, तो क्या म

भारत के पश्चिम बंगाल की मुर्शिदाबाद पुलिस ने एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और उनके पांच साथियों को हिरासत में लिया है, जो लुंगी और टोपी पहनकर ट्रेन पर पत्थर फेंक रहे थे।

द टेलीग्राफ़ की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी बंगाल पुलिस ने बताया है कि राधामाधबतला गांव के कुछ लोगों ने सियालदाह-लालगोला लाइन पर जा रहे एक रेल इंजन पर लुंगी-टोपी पहने कुछ लड़कों को पत्थर फेंकते देखा और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए उपद्रवियों में एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल है। गिरफ़्तार किए गए भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता का नाम अभिषेक सरकार हैं। मुर्शिदाबाद के ज़िला पुलिस प्रमुख मुकेश ने बताया, ‘इन लड़कों ने दावा किया कि वे अपने यूट्यूब चैनल के लिए बनाए जा रहे वीडियो के लिए लुंगी और टोपी पहनकर शूटिंग कर रहे थे, लेकिन ऐसा कोई यूट्यूब चैनल है, यह वे यह प्रमाणित नहीं कर पाए।’ राधामाधबतला के लोगों के अनुसार अभिषेक पड़ोस के श्रीशनगर का रहने वाला है और भाजपा की सभी स्थानीय रैलियों में आगे रहता है।

गुरुवार को एक ग्रामीण ने बताया, ‘हमें तब शक हुआ जब हमने रेलवे लाइन के किनारे इन लड़कों को कपड़े बदलते देखा। हम अभिषेक को जानते थे क्योंकि वह यहां काफ़ी मुखर रहता है, तो हमने सोचा कि उनसे आमने-सामने बात करते हैं।’ सूत्रों के मुताबिक़, इस समूह में एक सातवां सदस्य भी था, जो ग्रमीणों के टोकने पर भाग गया। गुरुवार को बेहरामपुर थाने में इन सभी छह लोगों से पूछताछ की गई। स्थानीय भाजपा सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि अभिषेक पार्टी कार्यकर्ता है लेकिन भाजपा ज़िला अध्यक्ष गौरीशंकर घोष का कहा कहना है की ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘वह हमारी पार्टी का सदस्य नहीं है और राधामाधबतला में जो हुआ, हम उस बारे में कुछ नहीं जानते।’

इससे पहले गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिना इस घटना का उल्लेख किए कहा था कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के लिए टोपियां ख़रीद रही है जिससे वे इसे पहनकर हिंसा करें और आरोप विशेष समुदाय पर आए। उन्होंने कहा था, ‘भाजपा के जाल में मत फंसना, वे इसे पूरी तरह से हिंदू-मुस्लिम की लड़ाई में बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। ममता ने कहा कि, हमें यह सूचना मिली है कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के लिए टोपी ख़रीद रही है। वे एक समुदाय को बदनाम करने के लिए  इसे पहनकर सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाते हुए तस्वीरें खिंचवा रहे हैं, वीडियो बनवा रहे हैं।’

राधामाधबतला के रहने वाले एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि पिछले हफ्ते गांव से गुज़रने वाली सियालदाह-लालगोला रेलवे लाइन पर कुछ तनाव हुआ था। युवकों में हिरासत में लिए जाने की घटना की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘इस सप्ताह हमने बहुत मुश्किल से शांति बहाल की है और इस तरह के ग़लत इरादों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’

उल्लेखनीय है कि पूरे भारत में विवादित नागरिकता संशोधन क़ानून को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बीते सप्ताह झारखंड में हुई एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यह जो आग लगा रहे हैं, यह कौन है उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है।